विडियो न्यूज

वेब स्टोरी

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

नवागांव खुर्द नेशनल हाईवे के पास निर्मित शहीद रामेश्वर ध्रुव का स्मारक सिर्फ पत्थरों का ढांचा नहीं है, बल्कि यह हमारे लिए एक तीर्थ स्थल है–आर एन ध्रुव

 

अमर बलिदानी स्वर्गीय शहीद रामेश्वर ध्रुव की शहादत दिवस आज 13 सितंबर को नवागांवखुर्द नेशनल हाईवे के पास मनाया गया। इस अवसर पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष आर एन ध्रुव ने कहा की 13 सितंबर 2026 को हम सब यहाँ एक अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण अवसर पर एकत्रित हुए हैं। आज छत्तीसगढ़ महतारी के सच्चे सपूत, गीदम थाना के वीर आरक्षक, स्वर्गीय शहीद रामेश्वर ध्रुव जी की पुण्यतिथि है।आज से ठीक 23 साल पहले, 13 सितंबर 2003 को जब बस्तर की धरती पर नक्सलियों ने अमन और चैन को चुनौती दी थी, तब गीदम थाने में तैनात हमारे इस वीर जवान ने पीठ दिखाने के बजाय, सीना तानकर नक्सलियों से लोहा लिया था। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और हम सबकी रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी, लेकिन वर्दी के सम्मान और मातृभूमि की आन पर आंच नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि एक सैनिक या पुलिस का जवान जब शहीद होता है, तो वह केवल एक परिवार का बेटा नहीं खोता, बल्कि पूरा देश अपना एक रक्षक खोता है। आज नवागांव खुर्द नेशनल हाईवे के पास निर्मित यह शहीद स्मारक सिर्फ पत्थरों का ढांचा नहीं है, बल्कि यह हमारे लिए एक तीर्थ स्थल है, जो हर राहगीर को याद दिलाता है कि हम जिस आजादी और सुरक्षित माहौल में सांस ले रहे हैं, उसकी कीमत रामेश्वर ध्रुव जी जैसे वीरों ने अपने खून से चुकाई है।शहीद रामेश्वर ध्रुव जी आज भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका साहस, उनका बलिदान और उनकी कर्तव्यपरायणता हमारे दिलों में हमेशा अमर रहेगी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि राष्ट्र सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता।मैं आज इस मंच से शहीद रामेश्वर ध्रुव जी के चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूँ और उनके परिवार को भी प्रणाम करता हूँ, जिन्होंने देश को ऐसा महान नायक दिया। आइए, हम सब मिलकर प्रतिज्ञा करें कि हम उनके इस सर्वोच्च बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देंगे और देश व समाज की उन्नति में अपना योगदान देंगे।


कार्यक्रम को संरक्षक शिवचरण नेताम ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नकुल नेताम, पूर्व सरपंच व आदिशक्ति मां अंगारमोती ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य मनराखन ध्रुव, ग्रामीण अध्यक्ष शेर सिंह सोरी, मनोज गौतम उपसरपंच ग्राम पंचायत बिंद्रा नवागांव, भगतराम उइके संस्थापक सदस्य आदिशक्ति माँ अंगार मोती ट्रस्ट गंगरेल, लक्ष्मण गौतम, अजीराम मरकाम पंच, वाल सिंह गौतम, राजेंद्र कोर्राम, अशवंत कुमार ध्रुव, शाहिद रामेश्वर ध्रुव के धर्मपत्नी श्रीमती रंभा बाई कोर्राम, महेश देवदास, अशोक कुंजाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें